भोजपुरी सिनेमा एक ऐसा सिनेमा है जिसकी चर्चा इन दिनों हर जगह हो रही है। इसकी वजह यह है कि पिछले कुछ दिनों में भोजपुरी सिनेमा ने अपने आपको एक ऐसे मुकाम पर स्थापित किया है जहां से कोई भी उसे इग्नोर नहीं कर सकता। भोजपुरी सिनेमा अपने यूनिक कंटेंट के लिए जाना जाता है। भोजपुरी सिनेमा का रोमांस भी अलग ही होता है। इस तरह का रोमांस दर्शकों को ना तो बॉलीवुड फिल्म में मिलता है ना ही हॉलीवुड फिल्मों में मिलता है। भोजपुरी सिनेमा को यहां तक लाने के पीछे भोजपुरी सिनेमा के कलाकारों को श्रेय देना भी जरूरी है। मनोज तिवारी, रवि किशन से लेकर पवन सिंह , दिनेश लाल यादव निरहुआ और खेसारी लाल यादव तक यह यात्रा अब तक जारी है। इन सभी कलाकारों ने भोजपुरी सिनेमा को विश्व पटल पर पहचान दिलाने के पीछे कोई कसर नहीं छोड़ी है।
आपको बता दें कि इनकी मेहनत का ही नतीजा है कि लोग आज भोजपुरी फिल्मों के गानों को देखने और सुनने लगे हैं। वहीं इन दिनों भोजपुरी सिनेमा की फिल्म ‘संघर्ष 2’ काफी चर्चा में बनी हुई है। संघर्ष 2 में खेसारी लाल यादव का लुक भी काफी चर्चा बटोर रहा है। संघर्ष 2 में खेसारी लाल यादव के लुक के पीछे पूरा श्रेय फिल्म के निर्माता रत्नाकर कुमार को जाता है।
एक इंटरव्यू के दौरान रत्नाकर कुमार ने फिल्म की कहानी फिल्म में अभिनेता खेसारी लाल यादव के लुक और उन लोगों के बारे में भी बात की जो भोजपुरी सिनेमा से कन्नी काट जाते हैं। रत्नाकर कुमार ने बातचीत करते हुए बताया कि यह फिल्म एक सामाजिक मुद्दे पर आधारित है। इस फिल्म में खेसारी के लुक पर भी बात की और उन्होंने बताया कि, इस फिल्म को कुछ इस तरह से फिल्माया गया है ताकि इसका फ्लेवर साउथ इंडियन सिनेमा और बॉलीवुड को टच कर सके। इसे इस तरह से फिल्माने की वजह यह है कि इस फिल्म से ज्यादा से ज्यादा दर्शक जुड़ सकें।
फिल्म के खर्चे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह महंगी फिल्म नहीं है। हो सकता है लोग हम से भी महंगी फिल्में बनाएं। सोच महंगी होती है। हमें एक समांतर सिनेमा बनाना था इसी वजह से हमने इतना कुछ किया। अगर आप आज से 5 साल पहले साउथ सिनेमा को देखेंगे तो पाएंगे कि इतने समय में साउथ सिनेमा ने अपने आपको बहुत ज्यादा डिवेलप किया है। उनकी फिल्में आज बॉलीवुड को टक्कर देती है और बॉलीवुड की फिल्मों जैसे स्केल पर रिलीज होती है। हमें भी वही करना है और फिल्मों को पैन इंडिया रिलीज करना है। एक साल से इसकी तैयारी चल रही थी। वो जब भी कोई फिल्म करके आते थे। 5-10 दिन का समय इस फिल्म (संघर्ष 2) की तैयारी पर देते थे कि मैं ऐसे करूंगा, वैसे करूंगा। बॉडी पर उन्होंने बहुत मेहनत की है और लगातार की है।