हिन्दी सिनेमा जगत में एक से बढ़कर एक खूबसूरत अभिनेत्रियां मौजूद हैं। लेकिन उनमें से सिनेमा जगत में पहचान बनाने वाली अभिनेत्रियां बहुत कम हैं। कुछ एक्ट्रेस ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत बेहद शानदार तरीके से की। मगर उसके बाद वो कहां गायब हो गईं इस बात से शायद ही कोई वाकिफ हो। उन्ही में अभिनेत्री ग्रेसी सिंह का नाम भी शामिल है। आज भले ही ग्रेसी फिल्मी लाइमलाइट से दूर हैं, लेकिन वह टेलीविजन धारावाहिकों के जरिए अपने फैंस से हमेशा जुड़ी रहीं। तो आइए आपको बताते हैं आजकल ग्रेसी सिंह कहां है व्यस्त।
ग्रेसी के करियर की शुरुआत
ग्रेसी सिंह ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘लगान’ से की थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म में ग्रेसी सिंह के किरदार को दर्शकों का खूब प्यार मिला। आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ग्रेसी सिंह के अलावा अभिनेता आमिर खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इस फिल्म के जरिए ग्रेसी सिंह रातों-रात मशहूर हो गईं थीं। इस फिल्म से एकट्रेस की किस्मत चमक गई थी। फिर उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। बता दें कि इस फिल्म में ग्रेसी ने गौरी का किरदार निभाया था। खास बात तो यह है कि इस फिल्म को ऑस्कर अवार्ड के लिए भी सिलेक्ट किया गया था।
डांसर बनना चाहती थी ग्रेसी सिंह
ग्रेसी सिंह ने एक खास इंटरव्यू के दौरान खुलासा कर बताया था कि लोग उनको घमंडी कहने लगे थे। दरअसल, ग्रेसी एक क्लासिकल डांसर बनना चाहती थीं। लेकिन उनकी किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इस कारण वो एक एक्ट्रेस बन गईं। अभिनेत्री ने इसके आगे बात करते हुए बताया कि जब वह लगान की शूटिंग कर रही थीं तो सेट पर ज्यादातर किसी से बात नहीं करती थीं। उनका ज्यादा समय रिहर्सल में ही व्यतीत होता था। इस कारण सेट पर मौजूद लोग ग्रेसी सिंह को घमंडी कहने लगे थे। कुछ लोग तो उन्हें पीठ पीछे घमंडी कहते थे।
फिल्म लगान से अच्छा खासा नाम कमाने के बाद भी ग्रेसी का करियर उड़ान नहीं पकड़ सका। इस कारण उनका फिल्मी करियर फ्लॉप रहा। फिल्म लगान के बाद ग्रेसी अभिनेता संजय दत्त के साथ फिल्म “मुन्ना भाई एमबीबीएस” में भी नज़र आईं थीं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। पर अफसोस इसके बाद ग्रेसी सिंह बी ग्रेड फिल्मों में नज़र आने लगीं थीं।
टेलीविजन धारावाहिकों में आई नज़र
बड़े पर्दे पर किस्मत आजमाने के बाद ग्रेसी सिंह ने छोटे पर्दे पर एंट्री की। वह टेलीविजन इंडस्ट्री के कई पॉपुलर धारावाहिकों का हिस्सा बनीं। उनका धारावाहिक संतोषी मां दर्शकों को खूब पसंद आया। संतोषी मां के किरदार से ग्रेसी ने घर-घर में नाम कमाया। पर अफसोस इसके बाद ग्रेसी ने अभिनय करियर छोड़ दिया। खबरों के मुताबिक ग्रेसी अब स्टेज शो करतीं हैं। इसके अलावा वह बच्चों को क्लासिकल डांस की शिक्षा दे रही हैं। सुनने में यह भी आ रहा है कि ग्रेसी अब फिल्मी लाइमलाइट से दूर धार्मिकता की तरफ अपने कदम बढ़ा रही हैं।